निर्माण और आर्किटेक्चर की आधुनिक तकनीक से रूबरू कराएगा ‘DECORA 3.0’

– 20 से 23 नवंबर तक रेंजर्स ग्राउंड में सजेगा चार दिवसीय प्रदर्शनी का मंच
– देशभर के नामचीन ब्रांड होंगे शामिल, 30 से अधिक श्रेणियों के उत्पादों का प्रदर्शन

देहरादून। निर्माण, वास्तुकला, इंटीरियर और गृह सज्जा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, नए उत्पादों और बदलते रुझानों से रूबरू कराने के लिए देहरादून में चार दिवसीय प्रदर्शनी ‘DECORA 3.0’ का आयोजन किया जा रहा है। 20 से 23 नवंबर तक रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में देशभर के प्रतिष्ठित ब्रांड, निर्माता, आपूर्तिकर्ता, वास्तुविद और निर्माण क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ जुटेंगे। प्रदर्शनी में भवन निर्माण से लेकर इंटीरियर और आधुनिक सुविधाओं से संबंधित 30 से अधिक श्रेणियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
गुरुवार को रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीबीएए के अध्यक्ष आर्किटेक्ट देवेंद्र कुमार सिंह, नावेश चंदोला, सौरभ सुमन, कनिका अग्रवाल और वेदांत जैन ने प्रदर्शनी की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि DECORA का यह तीसरा संस्करण है। पिछले दो आयोजनों को मिली सफलता के बाद इस बार प्रदर्शनी को और व्यापक स्वरूप दिया गया है। इसका उद्देश्य निर्माण उद्योग से जुड़े कारोबारियों, वास्तुविदों, बिल्डर्स और आम उपभोक्ताओं को एक ही मंच पर आधुनिक तकनीक, नवीन उत्पादों और निर्माण के बदलते तौर-तरीकों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

प्रदर्शनी में सीमेंट, कंक्रीट, टीएमटी सरिया, तार एवं केबल, बिजली उपकरण, वातानुकूलन, दरवाजे-खिड़कियां, कांच, प्लाईवुड, लैमिनेट्स, मार्बल, टाइल्स, सैनिटरी उत्पाद, पेंट, सौर ऊर्जा, मॉड्यूलर किचन, फर्नीचर और होम ऑटोमेशन से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इससे भवन निर्माण और घरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विकल्प मिल सकेंगे।
प्रदर्शनी के दौरान रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर रेरा और बिल्डर्स के बीच संवाद भी आयोजित किया जाएगा। सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं के विशेषज्ञ निर्माण क्षेत्र में आ रहे बदलावों, नई तकनीकों, गुणवत्ता मानकों और आधुनिक भवन निर्माण प्रक्रियाओं पर जानकारी देंगे। इससे कारोबारियों और निर्माण क्षेत्र के पेशेवरों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनी में अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी सीमेंट, वोल्टास, हैवेल्स, श्याम स्टील, बिड़ला सीमेंट, बांगुर सीमेंट, सनमाइका, केईआई, एस्ट्रल, कोहलर और फेनेस्ट्रा समेत कई प्रतिष्ठित ब्रांड भाग लेंगे। DECORA 3.0 निर्माण एवं इंटीरियर उद्योग के लिए व्यापारिक संपर्क बढ़ाने, नए उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *