देहरादून। गुरु नानक जयंती के अवसर पर इस बार लोगों को लंबे वीकेंड में घूमने-फिरने का अच्छा मौका मिल रहा है। 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती मनाई जाएगी। ऐसे में परिवार और दोस्तों के साथ छोटी छुट्टी की योजना बनाने वालों के लिए देश के कई पर्यटन स्थल आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं। आध्यात्मिक शांति चाहिए या पहाड़ों की ठंडी हवा में सुकून के पल बिताने हैं, अथवा ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय संस्कृति को करीब से जानना है, हर तरह के पर्यटकों के लिए विकल्प मौजूद हैं।
यात्रा को आसान और किफायती बनाने के लिए सड़क मार्ग भी अच्छा विकल्प बन रहा है। अंतिम समय में रेल टिकटों की उपलब्धता मुश्किल होने पर इलेक्ट्रिक अंतरशहरी बस सेवाएं सुविधाजनक साबित हो सकती हैं। इसी क्रम में प्रीमियम इलेक्ट्रिक बस सेवा प्रदाता न्यूगो ने लंबे वीकेंड के लिए तीन प्रमुख पर्यटन मार्गों और उनसे जुड़े आकर्षणों की जानकारी साझा की है।
भोपाल से उज्जैन : आध्यात्मिक शांति और विरासत का संगम
धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों में रुचि रखने वालों के लिए भोपाल से उज्जैन की यात्रा बेहतर विकल्प है। करीब तीन से चार घंटे के बस सफर में उज्जैन पहुंचकर महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए जा सकते हैं। इसके अलावा हरसिद्धि मंदिर और काल भैरव मंदिर भी प्रमुख आकर्षण हैं। शाम को शिप्रा नदी के रामघाट पर आरती का दृश्य श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति कराता है। यहां पोहा-जलेबी, साबूदाना खिचड़ी और मालपुआ जैसे स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकता है।
दिल्ली से देहरादून : पहाड़, प्रकृति और रोमांच
पहाड़ों में कुछ दिन बिताने के इच्छुक पर्यटकों के लिए दिल्ली से देहरादून का सफर आकर्षक है। यहां फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट की भव्य इमारत, रॉबर्स केव और आसपास के प्राकृतिक स्थल घूमने के अच्छे विकल्प हैं। देहरादून से मसूरी की एक दिन की यात्रा भी की जा सकती है। गन हिल, मालरोड और केम्पटी फॉल्स पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। राजपुर रोड के कैफे और स्थानीय खान-पान भी इस यात्रा को यादगार बना सकते हैं।
जयपुर से जोधपुर : शाही विरासत का आकर्षण
इतिहास और राजस्थानी संस्कृति के शौकीनों के लिए जयपुर से जोधपुर की यात्रा खास है। मेहरानगढ़ किला, जसवंत थड़ा, घंटाघर और सरदार मार्केट यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। नीले रंग के मकानों वाली पुरानी गलियां शहर की अलग पहचान हैं। मिर्ची बड़ा, प्याज कचौरी और मावा कचौरी जैसे स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी पर्यटकों को लुभाता है।
कुल मिलाकर, लंबे वीकेंड में कम समय और सीमित बजट के साथ भी यादगार यात्रा की जा सकती है। जरूरत है तो बस सही जगह चुनने और सफर की पहले से तैयारी करने की।