बदरीनाथ धाम की शीतकालीन यात्रा शुरू, ज्योतिर्मठ पहुंची आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी

– 17 क्विंटल फूलों से सजा नृसिंह मंदिर, देव डोलियों का भव्य स्वागत
ज्योतिर्मठ। श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब भगवान बदरी विशाल की शीतकालीन पूजा और दर्शन की परंपरा शुरू हो गई है। मंगलवार को आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी और श्री विष्णु के वाहन गरुड़ जी की डोली के ज्योतिर्मठ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। श्री नृसिंह मंदिर परिसर को 17 क्विंटल फूलों से सजाया गया था। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग किया गया। इस अवसर पर पूजा-अर्चना के साथ विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया।
बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भगवान उद्धव जी, कुबेर जी और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी सहित बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी 17 नवंबर को योग बदरी पांडुकेश्वर पहुंचे थे। यहां भगवान उद्धव जी और कुबेर जी को शीतकालीन प्रवास के लिए क्रमशः योग बदरी और कुबेर मंदिर में विराजमान किया गया। वहीं, आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी और रावल की ज्योतिर्मठ के लिए विदाई हुई। गोविंदघाट, मारवाड़ी और ग्रेफ कैंप सहित विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं ने गद्दी का स्वागत किया। मंगलवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे रवाना हुई गद्दी अपराह्न एक बजे श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ पहुंची।
केटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की अगुवाई में मंदिर पहुंचने पर देव डोलियों और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल और वेदपाठियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद गद्दी को दर्शनार्थ मंदिर परिसर में रखा गया और फिर निर्धारित गद्दी स्थल पर सुशोभित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि इस बार श्री नृसिंह मंदिर और आसपास के मंदिरों को विशेष रूप से 17 क्विंटल फूलों से सजाया गया। श्री नृसिंह मंदिर के साथ वासुदेव मंदिर और नवदुर्गा मंदिर सहित अन्य मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरित किया गया।
शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने की तैयारी
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने संदेश जारी कर यात्रा से जुड़ी सभी संस्थाओं और श्रद्धालुओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि देव डोलियों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पहुंचने के साथ ही चारधाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया है और अब शीतकालीन यात्रा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देश में शीतकालीन यात्रा को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुखवा से शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ किया था। इसी क्रम में प्रदेश सरकार ने ऋषिकेश स्थित यात्रा ट्रांजिट कैंप में शीतकालीन यात्रा के लिए पंजीकरण काउंटर भी स्थापित किए हैं।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने श्रद्धालुओं को शीतकालीन यात्रा की शुभकामनाएं दीं। स्वागत कार्यक्रम में दंडी स्वामी मुकुंदानंद जी महाराज, पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़, भाजपा नेता सुभाष डिमरी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश कपरवाण, प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, गिरीश चौहान, बिजेंद्र बिष्ट, राजेंद्र सेमवाल, कमलेश कुकरेती, अरविंद पंत, अनिल सती, अनिल नंबूदरी, अनूप पंवार, गिरीश रावत, विवेक थपलियाल, भूपेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *