राष्ट्रीय शूटिंग में “SBPS” का जलवा, 26 शूटर्स नेशनल के लिए चयनित

– पिस्टल स्पर्धा में 10 और राइफल स्पर्धा में 16 खिलाड़ियों ने हासिल किया क्वालीफाइंग स्कोर

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के 26 निशानेबाजों ने शूटिंग के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्कूल के 26 खिलाड़ियों ने 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप कॉम्पिटिशन (एनएससीसी) के लिए क्वालीफाई किया है। इनमें पिस्टल स्पर्धा के 10 और राइफल स्पर्धा के 16 खिलाड़ी शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से स्कूल में खुशी का माहौल है। बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि यह स्कूल के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन खिलाड़ियों का नेशनल में भी शानदार प्रदर्शन होगा।

नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) की ओर से आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के चयनित निशानेबाज हिस्सा लेंगे। इसमें विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अलावा सेना, नौसेना, वायुसेना, ओएनजीसी, आईटीबीपी और सीआईएसएफ सहित विभिन्न संस्थानों एवं सुरक्षा बलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

पिस्टल स्पर्धा के लिए चयनित खिलाड़ियों की प्रतियोगिता 26 नवंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक एमपी शूटिंग अकादमी, भोपाल में आयोजित होगी। इस वर्ग में स्कूल के शूटर शौर्य रावत, निखिल जीना, राघव रावत, प्रिया बडोला, आर्यन रावत, श्रेयांश कोठारी, श्रीजी कोटियाल, वंश तलियान, हार्दिका चौधरी और नम्या महतो ने क्वालीफाई किया है।
वहीं, राइफल स्पर्धा के लिए चयनित 16 खिलाड़ियों की प्रतियोगिता 27 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक बालेवाड़ी शूटिंग रेंज, पुणे में होगी। इस वर्ग में कृतिका राणा, वेदांग जोशी, दिशा राजपूत, वाची रावत, शौर्य प्रताप सिंह, प्रभात कुकरेती, ऋषभ ध्यानी, अत्रेय भंडारी, अनिरुद्ध चक्रवर्ती, रुद्र डोभाल, अवनी भंडारी, समर्थ रावत, काव्यांशी ढौंडियाल, आशु कुमार मीणा, अनिरुद्ध राणाकोटी और अथर्व सिंह रावत ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है।

बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि एक साथ 26 निशानेबाजों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे। प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने शूटिंग कोच अक्षय आनंद के प्रयासों की भी सराहना की और सभी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और खेल विभाग ने भी चयनित निशानेबाजों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *