– चाई गांव में आर्मी कैंप के पास पहाड़ी पर हुआ हादसा,
– कंपनी के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े की उड़ान पर रोक
चमोली। बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा चाई गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास पहाड़ी क्षेत्र में हुआ। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, सेना, आईटीबीपी और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुट गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरकर लौट रहा था। दोपहर करीब दो बजे मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। जोशीमठ के उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के अनुसार एसडीएम जोशीमठ से दोपहर 2:21 बजे चाई गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग की सूचना प्राप्त हुई थी।
यूकाडा कर्मचारियों की ओर से भी चाई गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर की लोकेशन मिलने की जानकारी दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीम दोपहर 2:24 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
पायलट समेत छह लोग थे सवार
हेलीकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु पायलट के रूप में तैनात थे। उनके साथ पांच यात्री प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज सवार थे। इस तरह हेलीकॉप्टर में कुल छह लोग मौजूद थे। प्रशासन की ओर से सभी की स्थिति का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए त्वरित उपचार के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावितों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को आवश्यकता पड़ने पर एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने को भी कहा गया है।
कंपनी के पूरे बेड़े की उड़ान रोकी
हादसे के बाद एहतियाती कदम उठाते हुए ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े का उड़ान संचालन रोक दिया गया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती सूचनाओं में क्रैश और क्रैश लैंडिंग दोनों तरह की जानकारी सामने आई थी। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां घटनास्थल से विस्तृत जानकारी जुटा रही हैं।