देहरादून में आधी रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो को लगी गोली

– फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक से घूम रहे थे बदमाश
देहरादून। राजधानी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली पुलिस वाहन में लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पुलिस ने मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाशों और संबंधित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
कई थाना क्षेत्रों में नकबजनी की वारदातों में संलिप्तता
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों देर रात किसी नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे। पुलिस के अनुसार, दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास है और वे पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। दोनों बदमाशो की पहचान रुडकी (हरिद्वार) निवासी समीम और शहजाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किया है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मुठभेड़ के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल, बदमाशों के पास से बरामद सामग्री और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संभावित संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *