देहरादून। दून गर्ल्स स्कूल में 28 से 31 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय फिनलैंड एक्सचेंज कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय मैत्री, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और शैक्षिक सहयोग का सशक्त माध्यम बना। कार्यक्रम में फिनलैंड से आए 17 विद्यार्थियों (नौ छात्राएं और आठ छात्र) तथा तीन शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विदेशी विद्यार्थियों को उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और शैक्षिक गतिविधियों से रूबरू होने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ ऋषिकेश में फिनलैंड से आए प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। विदेशी विद्यार्थियों ने मसूरी भ्रमण के साथ योग सत्र में हिस्सा लिया। विद्यालय की मेकर्स लैब में आयोजित गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने रचनात्मकता और नवाचार से जुड़े अनुभव साझा किए। वहीं, अलाव संध्या ने विद्यार्थियों को आपसी संवाद और मित्रता को मजबूत करने का अवसर दिया।
कार्यक्रम के तहत वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) का शैक्षिक भ्रमण भी कराया गया। यहां विद्यार्थियों ने संस्थान की गतिविधियों और वन अनुसंधान से जुड़ी जानकारियां हासिल कीं। शिक्षकों के साथ आयोजित संवाद सत्र में दोनों देशों की शिक्षा पद्धतियों, शिक्षण गतिविधियों और शैक्षिक अनुभवों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक संध्या रही, जिसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली की मनमोहक झलक प्रस्तुत की गई। इस आयोजन ने विदेशी मेहमानों को स्थानीय सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया। वहीं, चीनी लालटेन छोड़ने की प्रतीकात्मक गतिविधि के माध्यम से आशा, एकता और अंतरराष्ट्रीय मैत्री का संदेश दिया गया।
31 अक्टूबर को आयोजित विदाई सभा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक मोहित डंग, शिक्षा निदेशिका मोनिशा दत्ता, प्रधानाचार्या शुचि सिन्हा, शिक्षक और विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।