देहरादून। न्यू रोड स्थित द हैरिटेज स्कूल में वरिष्ठ वर्ग का वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रप्रेम के विविध रंग बिखेरे। चारों सदनों के बीच हुई सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा में शिवालिक सदन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ नृत्य प्रस्तुति के साथ प्रतिष्ठित डायरेक्टर्स ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, गायन में मोनाल सदन ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का पुरस्कार हासिल किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय के चेयरमैन चौधरी अवधेश कुमार, निदेशक विक्रांत चौधरी, काउंसलर चारू चौधरी, प्रधानाचार्या डॉ. अंजू त्यागी, हरदीप कौर और सारिका जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विषयों को जीवंत किया। शिवालिक सदन ने ‘छठ मैया की कथा’ के जरिए छठ पर्व की धार्मिक आस्था और परंपराओं को दर्शाया। वहीं, मंदाकिनी सदन ने देश के उन गुमनाम नायकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनके योगदान को इतिहास में अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर भारतीय पर्वों तक विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
इस अवसर पर शैक्षणिक और खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को निदेशक विक्रांत चौधरी और काउंसलर चारू चौधरी ने सम्मानित किया।
प्रधानाचार्या डॉ. अंजू त्यागी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी सदनों ने शानदार टीम भावना और सामूहिक समन्वय का परिचय दिया है। विद्यार्थियों को अपना हौसला बुलंद रखते हुए लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में छात्रा डेलिशा रावत ने धन्यवाद ज्ञापित किया। निर्णायक की भूमिका हरजीत कौर और सारिका जैन ने निभाई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।