– संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने किया तीन दिवसीय राजकीय मेले का शुभारंभ
– सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मयूर नृत्य ने मोहा दर्शकों का मन
देहरादून। गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड शुक्रवार को गोरखाली और उत्तराखंडी लोकसंस्कृति के रंगों से सराबोर हो उठा। वीर गोरखा कल्याण समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय गोरखा दशै-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेले का शुभारंभ प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव के पहले दिन नेपाली, गढ़वाली, कुमाऊंनी और हिंदी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। पारंपरिक मयूर नृत्य और लोकगीतों ने आयोजन में विशेष आकर्षण जोड़ा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कैंट विधायक सविता कपूर और पार्षद सुमेंद्र सिंह बोहरा भी मौजूद रहे। सतपाल महाराज ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को लोकसंस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया। विधायक सविता कपूर ने भी कलाकारों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की।
हरीश मेहरा ने कुमाऊंनी एकल गीत प्रस्तुत किया, जबकि अनयता, प्राची, चिन्मय, वैष्णवी, प्रगति, विशाल, वैभवी और वेद ने नेपाली समूह नृत्य की प्रस्तुति दी। शीला थापा और जेबी राय के नेपाली युगल गीत को भी दर्शकों ने सराहा। ओलिवा गुरूंग, आयांशा थापा, दीप्ति राणा और अन्य कलाकारों ने नेपाली नृत्य एवं गीत प्रस्तुत किए। अलका रावत, समृद्धि रावत और प्रज्ञा रावत ने कुमाऊंनी नृत्य से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की झलक दिखाई। वहीं टिकू, योशिता, अंचिका और ऐशा ने झामरे नृत्य प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण कंसाई मगर का मयूर नृत्य रहा। इसके अलावा कमलजीत शास, श्याम राणा, शिवखेली, सिंधुली और अन्य कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र शाही, संकल्प पंत और श्याम राणा मगर ने संयुक्त रूप से किया।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर समिति के संरक्षक ई. मेग बहादुर थापा, सारिका प्रधान, मेजर बीपी थापा, मेजर अमर राई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तमांग, उपाध्यक्ष सूर्य विक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी टेकु थापा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।