SBPS के चार शटलरों का राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए चयन

– रुद्रपुर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जीते पदक

– दिसंबर में लखनऊ में दिखाएंगे दमखम

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के चार बैडमिंटन खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह पक्की की है। रुद्रपुर में आयोजित 10वीं राज्यस्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में पदक जीतने के आधार पर अनामिका, समायरा भंडारी, रोहन और गौरी नौटियाल का राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। चारों खिलाड़ी दिसंबर में लखनऊ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 150 से 200 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबलों के बीच एसबीपीएस के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय देते हुए अलग-अलग आयु वर्गों में पदक हासिल किए।

प्रतियोगिता के अंडर-12 बालिका एकल वर्ग में अनामिका ने कांस्य पदक जीता। अंडर-14 बालिका एकल वर्ग में समायरा भंडारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, अंडर-14 बालक एकल वर्ग में रोहन ने रजत पदक हासिल किया। अंडर-17 बालिका एकल वर्ग में गौरी नौटियाल ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित चारों खिलाड़ियों के विद्यालय पहुंचने पर बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। विद्यालय प्रबंधन ने बैडमिंटन कोच ओम सिमल्टी को भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के लिए बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *