देहरादून। श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज में शुक्रवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों, मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली, परीक्षा व्यवस्था और शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के बाद आयोजित पुस्तक मेले ने आयोजन को खास बना दिया। मेले में विभिन्न विषयों की पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थी 31 अक्टूबर को भी मेले में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से निःशुल्क पुस्तकें प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. दीपाली सिंघल ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मनिर्भरता और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का आधार है। विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनानी चाहिए।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के रीजनल डायरेक्टर प्रो. संदीप नेगी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय शिक्षा को अधिक सुलभ और व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
महाविद्यालय के मुख्य नियंता प्रो. हर्षवर्धन पंत ने शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सकारात्मक व्यवहार को जीवन में अपनाने की जरूरत बताई। परीक्षा नियंत्रक प्रो. राकेश ढोडियाल ने परीक्षा प्रणाली, मूल्यांकन प्रक्रिया और विद्यार्थियों की शैक्षणिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी। वहीं डॉ. हरीश जोशी ने विद्यार्थियों को बदलते शैक्षिक परिवेश के अनुरूप ज्ञान अर्जित करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
दीक्षारम्भ कार्यक्रम के बाद महाविद्यालय परिसर में पुस्तक मेले का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न विषयों की पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मेले में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वाध्याय और पुस्तक पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर प्रो. एपी सिंह, डॉ. श्यामवीर सिंह, डॉ. आनंद कुमार, दिग्विजय बिष्ट, परमानंद जोशी, लखपत बुटोला और जितेंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।