सरकारी कर्मचारियों को एआई टूल्स का प्रशिक्षण दे रहा ग्राफिक एरा, प्रशासनिक कामकाज होगा आसान

देहरादून। सरकारी कामकाज को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए ग्राफिक एरा में विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और उसके आधुनिक टूल्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम (एमडीपी) शुरू हुआ।

कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह ने कहा कि एआई का उद्देश्य केवल तकनीकी दक्षता बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और नागरिकों की जरूरतों के प्रति तत्पर बनाना भी है। सरकारी कार्यप्रणाली में एआई का प्रभावी इस्तेमाल सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ. तबस्सुम नकवी ने कहा कि एआई के माध्यम से फाइलों और दस्तावेजों का प्रबंधन करने के साथ जटिल प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ कार्यों में सटीकता, पारदर्शिता और गुणवत्ता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तराखंड पेयजल निगम, कृषि निदेशालय, लघु सिंचाई विभाग, विभिन्न सरकारी पॉलीटेक्निक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, यूजेवीएन लिमिटेड और लोक निर्माण विभाग सहित कई सरकारी विभागों के कर्मचारी प्रतिभाग कर रहे हैं। दो दिवसीय प्रशिक्षण में प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, चैटजीपीटी और गूगल जेमिनी जैसे एआई टूल्स के इस्तेमाल तथा उनके व्यावहारिक प्रयोगों की जानकारी दी जाएगी।

इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने किया है। इस अवसर पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ. विशाल सागर, असिस्टेंट डीन (टीएंडपी) डॉ. श्याम कापरी, एकेडमिक कोऑर्डिनेटर डॉ. राजेश तिवारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *