देहरादून। रैप की दमदार आवाज, संगीत की सुरीली धुनें, शास्त्रीय नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुतियां और भांगड़े की जोशीली थाप। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी (GEHU) के वार्षिक उत्सव स्टूडेंट ग्राफेस्ट-2026 का आगाज कुछ इसी रंग में हुआ। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी परिसर में सजे मंच पर छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।
उत्सव के पहले दिन पश्चिमी गायन, शास्त्रीय संगीत, रैप बैटल, शास्त्रीय नृत्य और लोक नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। युवा कलाकारों ने अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर मंच को रंगारंग बना दिया।कार्यक्रम में ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उसे बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों और देशों की संस्कृति को समझने के साथ अनुशासन और सामूहिक भावना विकसित करने में भी ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका है।
रैप बैटल से शास्त्रीय गायन तक दिखा हुनर
ग्राफेस्ट की शुरुआत रैप बैटल के जोशीले मुकाबलों से हुई। प्रियांशु भट्ट, हर्ष वर्धन सिंह, सानिध्या, विनय चौहान, चिराग सती और अंश भंडारी ने अपनी प्रस्तुतियों से युवाओं में उत्साह भर दिया। शास्त्रीय गायन में जोया प्रवीण, अभिषेक शाह, हर्षित पाठक और श्रद्धा ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा।
पश्चिमी गायन में कृतिका कुंडलिया, तेजस्वी कोठियाल, विभा गोस्वामी, कृष्णा बख्शी, शिवम शर्मा और सार्थक जोशी की प्रस्तुतियों को भी सराहना मिली। शास्त्रीय नृत्य में अनन्या पंवार, वेदांशी रतूड़ी, दिव्यांशु सिंह ठाकुली, सौमिली मैती और मैत्रेयी डिमरी ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
लोक नृत्यों ने बिखेरे संस्कृति के रंग
लोक नृत्य प्रस्तुतियों में रामैलोचा, देहरादून भांगड़ा क्लब, देवी दर्शन, उत्तरायणी और टीम एनएसएस ने पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर उतारा। संगीत और नृत्य की अलग-अलग विधाओं के संगम ने आयोजन को खास बना दिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तब्बसुम नकवी, कुलसचिव डॉ. ज्योति छाबड़ा, ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।