देहरादून। जिला टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 के पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। देहरादून जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में समर वैली स्कूल की जाह्नवी रावत ने अंडर-15 बालिका वर्ग का खिताब अपने नाम किया। वहीं, आर्मी पब्लिक स्कूल की सावी ने अंडर-11 और अंडर-13 बालिका वर्ग में विजेता बनकर दोहरी सफलता हासिल की।
26 से 28 अक्टूबर तक आयोजित हो रही प्रतियोगिता के पहले दिन तीन आयु वर्गों में मुकाबले खेले गए। फाइनल मैचों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
जाह्नवी और शनाया के बीच रोमांचक फाइनल
अंडर-15 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में जाह्नवी रावत ने अपनी ही स्कूल की आकृति शर्मा को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में एसवीएस टेबल टेनिस अकादमी की शनाया सचदेवा ने आर्मी पब्लिक स्कूल की सावी को 3-0 से पराजित किया। फाइनल में जाह्नवी और शनाया के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। जाह्नवी ने शुरुआती दो सेट जीतने के बाद वापसी कर रही शनाया को निर्णायक सेट में मात दी और 3-2 से खिताब जीत लिया। मुकाबले का स्कोर 11-6, 11-8, 7-11, 7-11 और 11-4 रहा।
सावी ने दो आयु वर्गों में जीते खिताब
अंडर-11 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में सावी ने समर वैली स्कूल की गर्विका चौहान को 3-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी स्कूल की सीरत भाटिया ने अड्रॉइट प्रोग्रेसिव स्कूल की शन्वी मेहर को 3-0 से पराजित किया। फाइनल में सावी ने सीरत को 11-6, 11-5 और 11-9 से हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-13 बालिका वर्ग में भी सावी का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने सेमीफाइनल में जाह्नवी रावत को 3-0 से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में सीरत भाटिया ने आकृति शर्मा को 3-2 से पराजित किया। फाइनल में सावी ने सीरत को 11-4, 11-3 और 11-5 से हराकर दूसरा खिताब जीता।
विजेताओं को किया सम्मानित
प्रतियोगिता के पहले दिन के विजेताओं को उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग ने पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान एसोसिएशन के मानद सचिव प्रिंस विपोन, देहरादून जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के मानद सचिव केके शर्मा, कोषाध्यक्ष गिरिश मधवाल, रेफरी एससी भट्ट, अंतरराष्ट्रीय अंपायर बृजेश कुमार और आसिफ अहमद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के शेष मुकाबले 28 अक्टूबर तक खेले जाएंगे।