देहरादून। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट ग्राफेस्ट-2026 का शानदार आगाज हुआ। गीत-संगीत, डांस और रैप की प्रस्तुतियों ने पहले ही दिन समां बांध दिया। युवा कलाकारों की मंचीय प्रतिभा, ऊर्जा और उत्साह से विश्वविद्यालय परिसर उत्सव के रंगों में सराबोर नजर आया। हजारों छात्र-छात्राओं की मौजूदगी में आयोजित प्रतियोगिताओं ने दर्शकों को देर तक झूमने पर मजबूर कर दिया।
ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के मैदान में आयोजित ग्राफेस्ट के पहले दिन सोलो सिंगिंग की वेस्टर्न श्रेणी से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसमें मान्या, वखाइल, शौर्या डोगरा, अनाया डोनेगन और अंशिका शर्मा ने अपनी गायकी से दर्शकों का दिल जीता। इसके बाद सोलो डांस की वेस्टर्न और फ्रीस्टाइल श्रेणी में भव्या देशवाल, कृतिका, ओम राजपूत, कनु शर्मा और गौरव सिंह रावत ने शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। क्लासिकल और फोक डांस में भव्या मित्तल, पीयूष राणा, अनुभा कंडपाल, रिद्धिमा नेगी और ईशानी भारद्वाज ने अपनी भाव-भंगिमाओं और नृत्य कौशल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। ग्रुप डांस की वेस्टर्न और फ्रीस्टाइल श्रेणी में जेनिथ, क्रू इन्क्रेडिबल्स, डी-डायनामिक्स, फ्लो कैटलिस्ट्स और द ट्रॉन्स ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल में जोश भर दिया। वहीं, क्लासिकल और फोक श्रेणी में टीम रामैलोचा, वेधा, नटरंग, साधना रंगमंच और देहरादून भांगड़ा क्लब ने भारतीय लोक संस्कृति और परंपराओं के विविध रंग प्रस्तुत किए।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि ग्राफेस्ट का उद्देश्य विद्यार्थियों को कुशल प्रोफेशनल बनाने के साथ ही बेहतर इंसान बनाना भी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को विभिन्न संस्कृतियों से परिचित कराने के साथ उनमें टीम भावना, अनुशासन और मंचीय प्रतिभा विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभिन्न प्रतियोगिताओं से भावी प्रोफेशनल्स को व्यावहारिक समझ हासिल करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। ग्राफेस्ट के पहले दिन की शानदार प्रस्तुतियों ने विश्वविद्यालय में उत्सव और उमंग का माहौल बना दिया।