NMOPS देहरादून की नई कार्यकारिणी गठित, पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को तेज करने की रणनीति पर मंथन

देहरादून। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन (NMOPS) के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद देहरादून की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया।

बैठक में संतोष गड़ोही (प्रारंभिक शिक्षा) को जनपद अध्यक्ष, विनोद मल्ल (माध्यमिक शिक्षा) को सचिव तथा अरविन्द थपलियाल (प्रारंभिक शिक्षा) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं दीपेंद्र रावत (आईटीआई) को जनपद प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके साथ ही सुनील गुसाईं को प्रदेश स्तर पर संगठन मंत्री तथा पुष्कर राज बहुगुणा को पुनः गढ़वाल मंडल प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक के दौरान पुरानी पेंशन बहाली को लेकर आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने आंदोलन को और तेज करने पर जोर दिया। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ विकासनगर की अध्यक्ष मधु पटवाल ने पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को गति देने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं कालसी ब्लॉक अध्यक्ष पीताम्बर तोमर ने चकराता जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में जल्द कार्यकारिणी गठन का सुझाव दिया।

रायपुर ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा कि जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणियों के पुनर्गठन से आंदोलन को मजबूती मिलेगी। NMOPS प्रदेश सचिव मुकेश रतूड़ी ने सभी संगठनों से समन्वय बनाकर आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही। प्रदेश अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली ने कहा कि इस वर्ष संगठन मशाल जुलूस, गेट मीटिंग सहित कई बड़े आंदोलनात्मक कार्यक्रम करेगा। उन्होंने सभी इकाइयों से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष उर्मिला द्विवेदी ने कहा कि इस बार निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी, जिसमें महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। नवनिर्वाचित जनपद अध्यक्ष संतोष गड़ोही ने आश्वासन दिया कि वे प्रदेश और जनपद नेतृत्व के साथ मिलकर शीघ्र पूर्ण कार्यकारिणी का गठन करेंगे और सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कोषाध्यक्ष शांतनु शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *