- भाजपा शुरू करेगी ‘मेरी गणना, मेरा गांव’ अभियान
- भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष से किया उत्तराखंड आने का आग्रह
देहरादून। भाजपा राज्य के पर्वतीय स्वरूप को बरकरार रखने के लिए शीघ्र मेरी गणना मेरा गांव अभियान शुरू करेगी। अभियान में अन्य प्रदेश ही नहीं विदेश में रहने वाले प्रवासियों से भी गांवों मे गणना सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने हरदा के आरोपों पर भी पलटवार किया कि जनता के मन मस्तिष्क में अंकित कांग्रेस की तुष्टिकरण छवि कभी मिटने वाली नही है। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात को लेकर बताया कि प्रदेश कार्यकर्ताओं की तरफ से बधाई देते हुए, उनसे शीघ्र उत्तराखंड आने का अनुरोध किया गया है।
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने शीघ्र प्रारंभ होने वाली जनगणना को रेखांकित करते हुए कहा कि पार्टी का मानना है कि राज्य का कोई भी व्यक्ति, चाहे वो किसी भी प्रदेश या विदेश में रहे उसे अपनी गणना मूल क्षेत्र में करवानी चाहिए, क्योंकि विगत जनगणना के बाद हुए परिसीमन में बहुत ही दुखद पहलू पर्वतीय क्षेत्रों में विधानसभा की संख्या में कमी आना सामने आया था। लिहाजा राज्य का पर्वतीय स्वरूप बना रहे इसके लिए जरूरी है कि सभी अपनी गणना अपने अपने गांवों में सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने मेरी गणना, मेरा गांव की अपील करते हुए कहा कि कोई कहीं भी रहे, विदेश में भी, तो भी अपनी गणना गांव में करवाए। इसके लिए शीघ्र ही पार्टी भी एक टीम बनाकर अभियान चलाने जा रही है। वह सभी प्रदेशों और विदेश में रह रहे लोगों से संपर्क कर अनुरोध करेगी कि वोट कहीं भी हो लेकिन अपनी गणना अपने गांव में ही करवाएं, ताकि राज्य का पर्वतीय स्वरूप बना रहे और पहाड़ी क्षेत्र में विधानसभा की संख्या व्यवहारिक और आवश्यकता के अनुरूप रहे।
उन्होंने पूर्व सीएम हरीश रावत द्वारा भाजपा पर की गई टिप्पणी पर पूछे सवाल देते हुए कहा कि असली प्रमाणपत्र जनता देती है। जनता चुनाव में जिताकर साबित करती है कि वह किसे राम का वंशज मानती है और किसे रावण का।
उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष से हुई मुलाकात को लेकर कहा कि प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं की तरफ से उनके द्वारा नितिन नबीन जी को बधाई दी। साथ ही शीघ्र उत्तराखंड आकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने का अनुरोध किया गया। श्री भट्ट ने कहा कि भाजपा में अन्य पार्टियों की तरह पेट से कोई अध्यक्ष नहीं बनता है। वह कार्यकर्ताओं में से मेहनत और योग्यता के बलबूते चुना जाता है। यह संदेश फिर फलीभूत हुआ है कि कोई भी कार्यकर्ता पार्टी का नेतृत्व कर सकता है। युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार हुआ है, जो आने वाले समय में संगठन को नई ऊंचाईयों पर लेकर जाएगा।
