– राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जीते पांच स्वर्ण, आठ रजत और 10 कांस्य पदक
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के तलवारबाजों ने मुख्यमंत्री ट्रॉफी खेल महाकुंभ 2025-26 के तहत आयोजित राज्यस्तरीय तलवारबाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 23 पदक अपने नाम किए। इनमें पांच स्वर्ण, आठ रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में एसबीपीएस ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया।
बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने शानदार उपलब्धि पर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि फेंसिंग में स्कूल के कई खिलाड़ी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 14 से 16 सितंबर तक आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में एपी, फॉयल और सेबर वर्गों में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। एसबीपीएस फेंसिंग अकादमी के कोच प्रदीप कोठारी ने बताया कि स्कूल के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण, आठ रजत और 10 कांस्य पदक जीते। स्वर्ण पदक विजेताओं में नम्या मेहतो, आकांक्षा राठौर, सूर्यीश गड़ियां, आयुष्मान भट्ट और शीतांशु वियाना शामिल रहे।
रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में आदित्य सिंह, अवनी राणा, सौर्य गेरोला, आरना चौहान, युविका वर्मा, अविरल झा, वैष्णवी पाल और आरुष बिष्ट शामिल हैं। वहीं, श्लोक मेहता, मंचन, कमलेश, आदित्य थपलियाल, प्रखर भट्ट, रुद्राक्ष, आर्यश गौर, अंशुमान राठौर, साइना और मन्नत ने कांस्य पदक हासिल किए।
प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने फेंसिंग कोच प्रदीप कोठारी के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता के साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों से एक अच्छे खिलाड़ी के साथ-साथ बेहतर इंसान बनने का आह्वान किया।