बाजपुर। उत्तराखंड में पहली बार SIM Box के जरिए संचालित कथित अवैध टेलीकॉम गेटवे का STF की साइबर कुमाऊं टीम ने भंडाफोड़ किया है। बाजपुर के मुड़िया क्षेत्र में छापेमारी कर टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मौके से दो SIM Box, 77 एंटीना और 114 Airtel SIM कार्ड समेत बड़ी मात्रा में टेलीकॉम उपकरण बरामद किए गए।
STF के मुताबिक, आरोपी SIM Box के जरिए विदेशी और इंटरनेट आधारित VoIP कॉल को भारतीय मोबाइल कॉल में परिवर्तित कर रहा था। इससे कॉल रिसीव करने वाले के मोबाइल पर विदेशी नंबर के बजाय भारतीय मोबाइल नंबर दिखाई देता था। पुलिस के अनुसार, इस तकनीक के जरिए कॉल करने वाले की वास्तविक पहचान और लोकेशन छिपाने में मदद मिल सकती थी। STF को लंबे समय से अवैध SIM Box नेटवर्क की सूचना मिल रही थी। दूरसंचार विभाग (DoT) के संपर्क और तकनीकी जानकारी के आधार पर टीम ने बाजपुर के मुड़िया, ईदगाह के पास स्थित एक मकान पर दबिश दी। यहां से कादिर पुत्र जाबिर अली (24), निवासी मिलक जुम्मावाली, थाना भगतपुर, मुरादाबाद को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के बांग्लादेश से जुड़े साइबर अपराधियों के संपर्क में होने और उनके जरिए आर्थिक लाभ हासिल करने की जानकारी सामने आने की बात STF ने कही है। आरोपी ने कथित तौर पर करीब सात माह से गेटवे संचालित करने की बात बताई है।
114 सिम और 77 एंटीना बरामद
कार्रवाई में 32 स्लॉट वाले दो SIM Box, 77 एंटीना, 114 Airtel SIM, एक Airtel इंटरनेट राउटर, Samsung A35 मोबाइल, LAN/USB केबल, कनेक्टर, AC Adapter, पावर केबल, फाइबर वायर, मीडिया कन्वर्टर और एक्सटेंशन बोर्ड समेत अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।
STF के अनुसार, SIM Box में अलग-अलग लोगों की आईडी के कथित दुरुपयोग से हासिल किए गए SIM कार्ड इस्तेमाल किए जा रहे थे। ऐसे नेटवर्क का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारी बनकर ठगी और अन्य साइबर अपराधों में किए जाने की आशंका की भी जांच की जा रही है।
2023 में भी पकड़ा जा चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार, कादिर वर्ष 2023 में भी थाना कटघर, मुरादाबाद में SIM Box के जरिए अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित करने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। वर्तमान में वह जमानत पर बताया गया है। STF अब आरोपी के विदेशी संपर्कों, साइबर नेटवर्क, बैंक खातों, सहयोगियों और फर्जी दस्तावेजों पर SIM उपलब्ध कराने वाले एजेंटों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।