– अंडर-19 बालक-बालिका के साथ पुरुष और महिला टीम ने भी जीता खिताब
– एसबीपीएस के शटलर्स ने निभाई अहम भूमिका
देहरादून। उत्तराखंड के बैडमिंटन खिलाड़ियों ने ईस्ट जोन में शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल जगत में प्रदेश का नाम रोशन किया है। भुवनेश्वर, ओडिशा में 3 और 4 सितंबर को आयोजित योनेक्स सनराइज ईस्ट जोन इंटर-स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में उत्तराखंड ने चारों वर्गों में खिताब अपने नाम कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। प्रदेश की अंडर-19 बालक, अंडर-19 बालिका, पुरुष और महिला टीम ने चैंपियन बनकर उत्तराखंड के बैडमिंटन में अपना दबदबा कायम किया।
प्रतियोगिता में ओडिशा के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड की टीमों ने भी हिस्सा लिया। मजबूत टीमों के बीच उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए चारों वर्गों में बाजी मारी। इस ऐतिहासिक सफलता में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के खिलाड़ियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा रिदा तनवीर और कक्षा 12 के छात्र वेदांश नेगी उत्तराखंड टीम का हिस्सा रहे और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। दोनों का चयन नवंबर में होने वाली जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है, जहां वे उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
एसबीपीएस के विद्यार्थियों ने निभाई अहम भूमिका
उत्तराखंड की विजेता टीम में एसबीपीएस के प्रतिभाशाली पूर्व विद्यार्थियों शौर्य अग्रवाल, अभिनव कंडारी, आन्या बिष्ट, अक्षिता मनराल और सांभवी रौथाण ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया। इन खिलाड़ियों के योगदान ने प्रदेश की ऐतिहासिक जीत को और खास बना दिया।
बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बैडमिंटन में एसबीपीएस और उत्तराखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्कूल के शटलर्स राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने खिलाड़ियों और बैडमिंटन प्रशिक्षक ओम सिमल्टी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि निरंतर मेहनत, अनुशासन और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।