देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) की छात्रा नीति पांडे ने वुशु स्टेट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-45 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस जीत के साथ ही नीति ने नेशनल वुशु चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
उत्तराखण्ड वुशु एसोसिएशन द्वारा देहरादून में आयोजित स्टेट चैंपियनशिप में 250 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में एसबीपीएस की 11वीं कक्षा की छात्रा नीति पांडे ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। नीति की इस उपलब्धि पर स्कूल में खुशी का माहौल रहा। स्कूल पहुंचने पर बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने उन्हें सम्मानित किया और नेशनल चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नीति आगामी प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और राज्य का नाम रोशन करेगी। स्कूल प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी नीति को बधाई देते हुए कहा कि उसकी यह सफलता कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वुशु जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में बेटियों का आगे आना स्कूल की मजबूत खेल संस्कृति को दर्शाता है।