– रुद्रांश और वंश का राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ के लिए चयन
देहरादून। जिलास्तरीय खेल महाकुंभ 2026 में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) की फुटबॉल टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया और उपविजेता बनी। टीम की इस शानदार उपलब्धि के साथ ही स्कूल के दो होनहार खिलाड़ियों रुद्रांश नौटियाल और वंश बसनीत्त का चयन राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से स्कूल में खुशी का माहौल है।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में हुई प्रतियोगिता में एसबीपीएस के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। टीम ने अपने बेहतरीन खेल के दम पर फाइनल तक का सफर तय किया और सिल्वर मेडल के साथ रनर-अप ट्रॉफी हासिल की। टीम की इस उपलब्धि पर बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए रुद्रांश और वंश को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी स्कूल और जिले का नाम रोशन करेंगे।
स्कूल पहुंचते ही हुआ खिलाड़ियों का सम्मान
प्रतियोगिता से लौटने पर एसबीपीएस में खिलाड़ियों का उत्साह के साथ स्वागत किया गया। स्कूल प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने पूरी फुटबॉल टीम को सम्मानित किया। रुद्रांश नौटियाल और वंश बसनीत्त को विशेष रूप से बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों की यह उपलब्धि उनके निरंतर अभ्यास, मेहनत और टीम भावना का परिणाम है। जिलास्तर पर रजत पदक जीतने के बाद अब एसबीपीएस की निगाहें राज्यस्तरीय मुकाबले पर हैं। रुद्रांश और वंश के चयन ने स्कूल की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने के साथ अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।