– समाधान दिवस में लगाई थी गुहार
– जिला प्रशासन ने दो सप्ताह के भीतर दिलाया सरकारी योजनाओं का लाभ
देहरादून। जिला प्रशासन की त्वरित और संवेदनशील कार्यशैली ने एक दिव्यांग व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद जगा दी। समाधान दिवस में अपनी समस्या लेकर पहुंचे अपर नत्थनपुर निवासी दिव्यांग सुनील चंद्र को अब दिव्यांगता प्रमाण पत्र, मासिक दिव्यांग पेंशन, बैंक खाता और निःशुल्क व्हीलचेयर की सुविधा मिल गई है।
29 जून को समाधान दिवस में व्हीलचेयर के सहारे पहुंचे सुनील चंद्र ने जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान को बताया था कि गरीबी और शारीरिक अक्षमता के बावजूद आज तक उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बन पाया है। इसके चलते वह किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं ले पा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सुनील को कोरोनेशन अस्पताल ले जाकर उसी दिन मेडिकल परीक्षण कराने और दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही समाज कल्याण विभाग और तहसील प्रशासन को आय प्रमाण पत्र बनाकर पेंशन की प्रक्रिया तत्काल पूरी करने को कहा। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद मेडिकल परीक्षण में सुनील चंद्र को 45 प्रतिशत दिव्यांग घोषित किया गया और उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। तहसील प्रशासन ने आय प्रमाण पत्र तैयार किया, जिसके आधार पर समाज कल्याण विभाग ने अगस्त माह से उनकी दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कर दी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सुनील का कोई बैंक खाता नहीं था। ऐसे में जिला प्रशासन ने इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक के अधिकारियों से समन्वय कर उनके घर पर ही बैंक खाता खुलवाया, ताकि पेंशन की राशि सीधे उनके खाते में भेजी जा सके। इसके अलावा समाज कल्याण विभाग ने उन्हें निःशुल्क नई व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराई। सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से भावुक हुए सुनील चंद्र ने जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें विश्वास हो गया है कि प्रशासन वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनकी मदद कर रहा है।