मूसलाधार बारिश में भी थिरके छात्र, डूंगा हाउस में सजी एबीवीपी की फ्रेशर्स पार्टी

– डूसू अध्यक्ष यश डबास ने नवदीप राणा के समर्थन में मतदान की अपील की

देहरादून। मूसलाधार बारिश भी छात्रों के उत्साह को नहीं रोक सकी। डूंगा हाउस में आयोजित एबीवीपी की फ्रेशर्स पार्टी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचे और पहाड़ी लोकगीतों से लेकर बॉलीवुड गीतों तक जमकर थिरके। कार्यक्रम का आयोजन छात्र संगठन के प्रत्याशी नवदीप राणा की ओर से नए छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए किया गया था।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हिमाचल के चर्चित लोकगायक कुलदीप शर्मा और बॉलीवुड व ‘इंडियन आइडल’ से जुड़ी गायिका प्रियंका नेगी की प्रस्तुतियां रहीं। दोनों कलाकारों के पहाड़ी लोकगीतों, नाटियों और लोकप्रिय गीतों पर बारिश के बीच भी युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। डूंगा हाउस में देर तक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर चलता रहा।कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के अध्यक्ष यश डबास भी शामिल हुए। उन्होंने छात्र हितों को लेकर एबीवीपी की गतिविधियों का उल्लेख किया। उन्होंने नवदीप राणा के नेतृत्व की सराहना करते हुए आगामी छात्र चुनाव में उनके समर्थन में मतदान करने की अपील की। डबास ने छात्रों से छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी की बात कही। उनके संबोधन के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद छात्रों ने भी उत्साह दिखाया।

बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे छात्र

फ्रेशर्स पार्टी में खराब मौसम के बावजूद छात्रों की बड़ी मौजूदगी रही। आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ छात्रों के बीच मेल-मिलाप और मनोरंजन का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर नवदीप राणा ने बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं, अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि छात्रों का समर्थन उनकी ताकत है और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *