देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद की पुरानी रंजिश ने देहरादून में गोलीबारी का रूप ले लिया। घटना में दो लोग घायल हुए थे।
पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई की रात रिंग रोड स्थित एक शराब की दुकान के बाहर कुछ युवकों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग हुई थी। गोली लगने से नवीन राणा के कंधे और वहां से गुजर रहे कमेंद्र शर्मा के पैर में चोट आई थी। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर थानो रोड क्षेत्र से अरुण कुमार उर्फ छोटू, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और कमेंद्र शर्मा के बीच बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था। उसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के कारण देहरादून में दोनों पक्ष आमने-सामने आए और विवाद के दौरान फायरिंग हो गई। पुलिस का कहना है कि घटना का मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।