देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की जिसमें उन्होंने दौरान प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में बुक बैंक, डिजिटल पुस्तकालय विकसित करने तथा क्लस्टर विद्यालयों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि स्कूलों में ऐसे बुक बैंक बनाए जाएं, जहां छात्र कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अपनी पुस्तकें वापस जमा कर सकें। अगले सत्र में उक्त पुस्तकों को जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खराब हो चुकी पुस्तकों और नई मांग के अनुरूप ही नई किताबें छपवाई जाएं, जिससे हर वर्ष हजारों पुस्तकों की छपाई पर होने वाला करोड़ों रुपये का खर्च बचाया जा सके। बैठक में क्लस्टर विद्यालयों में कक्षा-कक्षों और छात्रावासों के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने इन परियोजनाओं में तेजी लाने तथा इसके लिए नाबार्ड से वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विद्यालयों में बिजली, पानी और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विद्यालयों में शौचालयों की नियमित साफ-सफाई के लिए स्थायी व्यवस्था विकसित करने और इसके लिए अलग से फंडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने स्कूलों में डिजिटल पुस्तकालय स्थापित से विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पुस्तकों तक पहुंच मिलेगी और उनके ज्ञानवर्धन में मदद होगी। बैठक में शिक्षा सचिव रविनाथ रमन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।