देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली नगर क्षेत्र में संचालित हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर देर रात पुलिस ने सहारनपुर चौक स्थित महावीर अपार्टमेंट में छापेमारी कर 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार एसएसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर स्वप्निल मुयाल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने 05-06 मई की मध्यरात्रि को महावीर अपार्टमेंट के तीसरे तल पर स्थित एक फ्लैट में दबिश दी, जहां बड़े स्तर पर ताश और डाइस के जरिए जुए का खेल चल रहा था। पुलिस ने मौके से 3 लाख 10 हजार 600 रुपये नकद, चार गड्डी ताश और 20 डाइस बरामद किए।
पुलिस जांच में सामने आया कि फ्लैट रोशन लाल बंसल का है, जो अपने फ्लैट में लोगों को बुलाकर जुआ खिलवाता था और स्वयं भी खेल में शामिल रहता था। सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नगर में धारा 3/4/5 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश उर्फ तिनका, रोशन लाल बंसल, सुजल, निक्कू कुमार, सन्नी पासवान, प्रीतम, सुनील, इंतजार, सौरभ जायसवाल, विकास कुमार, अरुण कुमार, मुकेश, वाजिद खान, सूरज पासवान, सुबोध पासवान, दिलबर, हरीश और कादिर शामिल हैं। सभी आरोपी देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। इस कार्रवाई को दून पुलिस की “सर्जिकल स्ट्राइक” माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
