सलमान अली के सुरों पर झूमे एमडीयू के छात्र, ‘जेनराग 2026’ का रंगारंग समापन

देहरादून। माया देवी यूनिवर्सिटी में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘जेनराग 2026’ का समापन बॉलीवुड सिंगर सलमान अली की शानदार प्रस्तुति के साथ हुआ। अंतिम शाम पूरी तरह सलमान अली के नाम रही। जैसे ही वह मंच पर पहुंचे, छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था। तालियों और हूटिंग के बीच उनका जोरदार स्वागत किया गया।

सलमान अली ने भी अपने गीतों से समां बांध दिया। उन्होंने कहा कि वह पहले भी कई बार देहरादून आ चुके हैं, लेकिन इस बार उन्हें दर्शकों से जो प्यार और उत्साह मिला, वह अविस्मरणीय है। उन्होंने सभी छात्रों और दर्शकों का दिल से आभार जताया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश को समर्पित गीत “श्री गणेशा देवा” से हुई। इसके बाद उन्होंने “कर लो कदर हमारी”, “रब करे तुझको भी प्यार हो जाए”, “तेरी चुनरिया दिल ले गई”, “चल तेरे इश्क में पड़ जाते हैं” सहित कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। सलमान अली के गीतों पर छात्र देर रात तक झूमते और गुनगुनाते नजर आए। दर्शकों की फरमाइश पर उन्होंने पंजाबी और बॉलीवुड के कई सुपरहिट गाने भी सुनाए।

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट एम.एल. जुयाल, वाइस प्रेसिडेंट प्रो. डॉ. तृप्ति जुयाल सेमवाल, वाइस चांसलर प्रो. डॉ. आशीष सेमवाल, प्रो वाइस चांसलर प्रो. डॉ. संदीप विजय और रजिस्ट्रार श्रीमती अंबिका जुयाल ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में एम.एल. जुयाल ने छात्रों को ‘जेनराग 2026’ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और मनोरंजन का भी जीवन में विशेष महत्व है। उन्होंने पास आउट हो रहे छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सेलिब्रिटी नाइट से पहले छात्रों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें अलग-अलग प्रदेशों के लोकनृत्य, पेंटिंग और अन्य रचनात्मक कार्यक्रम शामिल रहे। समारोह के अंत में विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी प्रिंसिपल, डीन, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *