सेवा, संगठन और समर्पण भाजपा की ताकत, प्रकोष्ठों को मिला जीत का मंत्र

देहरादून, 24 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण ही पार्टी को अन्य राजनीतिक दलों के मुकाबले अजेय बनाता है। उन्होंने पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रकोष्ठों की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम मानती है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, सहकारिता, संस्कृति, पर्यटन, खेल, आपदा प्रबंधन और स्वयं सहायता समूह जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रकोष्ठ पार्टी और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ से ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित युवाओं की टीम तैयार करने का आह्वान किया, जो आपदा के समय ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ की भूमिका निभा सके। वहीं स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ से महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास तेज करने को कहा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक और पर्यटन की वैश्विक राजधानी बनाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। चारधाम यात्रा और आदि कैलाश में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या इसका प्रमाण है। पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ को स्थानीय युवाओं को पर्यटन से जुड़ी संभावनाओं और सरकार की पहलों के बारे में जागरूक करने की जिम्मेदारी निभानी होगी। बैठक में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर परिस्थिति में जनता के बीच खड़े रहते हैं, जबकि विपक्ष केवल सोशल मीडिया तक सीमित रहता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद Mahendra Bhatt ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की बड़ी ताकत हैं। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को मंडल स्तर तक अपनी टीमों का गठन शीघ्र पूरा करने तथा बूथ-बूथ तक संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *