देहरादून। राज्य की 211 चयनित एकल महिलाओं को स्वरोजगार योजना के तहत जल्द ही आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।
यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक के बाद मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत अब तक 484 महिलाओं को प्रथम किस्त जारी की जा चुकी है और अधिकांश लाभार्थियों ने अपना स्वरोजगार भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि शेष 211 महिलाओं को भी जल्द धनराशि वितरित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए योजना की नई विज्ञप्ति अगस्त माह तक जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में 2000 एकल महिलाओं को इस योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके। रेखा आर्या ने बताया कि आगामी 8 अगस्त को महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार एवं आंगनबाड़ी सम्मान पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों के लिए विज्ञप्ति पहले ही जारी की जा चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को चयन प्रक्रिया को समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा और मोहित चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नंदा गौरा योजना की 19 करोड़ रुपये की राशि आज होगी जारी
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत हरिद्वार और उत्तरकाशी जनपद की 4000 से अधिक बालिकाएं तकनीकी और औपचारिक कारणों से अब तक लाभ से वंचित रह गई थीं। उन्होंने कहा कि इन सभी लाभार्थियों के खातों में गुरुवार को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 19 करोड़ 22 लाख 78 हजार रुपये की राशि भेजी जाएगी, जिससे लंबित भुगतान की समस्या का समाधान हो सकेगा।
