– एसएसपी ने किया शहर के प्रमुख चौराहों का निरीक्षण
– आईएसबीटी में चौकी के बाहर खड़े सीज वाहनों को अन्यत्र शिफ्ट करने के निर्देश
देहरादून। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने शहर के व्यस्ततम मार्गों और चौराहों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिस्पना चौक, कारगी चौक और आईएसबीटी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रिस्पना चौक के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पाया कि रिस्पना पुल पर बने ऑटो स्टैंड और उसके सामने बने डिवाइडर के कारण यहां यातायात का दबाव बढ़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर डिवाइडर को थोड़ा पीछे करने के निर्देश दिए, जिससे सड़क चौड़ी हो सके और चौक पर वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से संचालित हो सके।
आईएसबीटी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाने और सड़क पर सवारियां चढ़ाने-उतारने वाले बसों व अन्य सवारी वाहनों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही आईएसबीटी चौकी के बाहर खड़े सीज वाहनों को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए, जिससे क्षेत्र में यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने आईएसबीटी चौकी में पहुंचे शिकायतकर्ताओं से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कारगी चौक पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस बूथ को थोड़ा पीछे करने तथा चौक और उसके आसपास अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात, संबंधित थाना प्रभारी और यातायात निरीक्षक भी मौजूद रहे
