रोड कटिंग के शर्तों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई

– लोनिवि सचिव ने किया राजधानी की सड़कों का निरीक्षण 

देहरादून। सचिव, लोक निर्माण विभाग पंकज पाण्डेय ने गुरुवार सुबह जिलाधिकारी सविन बंसल एवं जिला प्रशासन की टीम के साथ शहर में रोड कटिंग के बाद किए जा रहे सड़कों के रेस्टोरेशन कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। सुबह 6 बजे से शुरू हुए निरीक्षण के दौरान शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों का स्थलीय जायजा लिया गया।

निरीक्षण में दिलाराम चौक, हाथी बड़कला, साईं मंदिर, नागल रोड, कैनाल रोड, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा रोड, धर्मपुर चौक, रिस्पना पुल, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर चौक, किशननगर चौक, यमुना कॉलोनी, बिंदाल पुल सहित कई स्थान शामिल रहे।सचिव लोनिवि ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि निर्माण कार्यों के कारण आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने बताया कि अधिकांश स्थानों पर सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य संतोषजनक पाया गया, लेकिन कुछ जगहों पर कार्य अधूरा और मलबा सड़क पर पड़ा मिला, जिससे आवागमन प्रभावित हो सकता है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि रोड कटिंग की अनुमति देते समय तय शर्तों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। कार्य पूरा होने के तुरंत बाद सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्स्थापन किया जाए और मलबे का शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा और शर्तों का पालन न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं और एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन की क्यूआरटी को निरंतर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि जनहित में रोड कटिंग की अनुमति दी जाती है, जिसके लिए बजट, समयसीमा और मानक तय होते हैं। इसके अनुपालन के लिए रोड कटिंग समिति गठित की गई है। उन्होंने बताया कि अब एजेंसियों को एक समय में केवल 2-3 स्थानों पर ही कार्य की अनुमति दी जाएगी और 15 से 21 दिन के भीतर कार्य पूरा करना अनिवार्य होगा।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, कुमकुम जोशी, अधीक्षण अभियंता मुकेश परमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *