– मुख्यमंत्री ने दिखाई देहरादून से पिथौरागढ़ हवाई सेवा को हरी झंडी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। एलाइंस एयर द्वारा संचालित इस 42 सीटर विमान सेवा के शुरू होने से पिथौरागढ़ के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक 12-14 घंटे लगने वाला कठिन सड़क सफर अब मात्र एक घंटे में पूरा हो सकेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई यह सेवा सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई UDAN योजना की सराहना करते हुए कहा कि आज हवाई यात्रा केवल अमीर वर्ग तक सीमित नहीं रही है। हवाई चप्पल पहनने वाला आम आदमी भी अब हवाई जहाज से यात्रा कर सकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में UDAN 2.0 योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत अगले 10 वर्षों में करीब 29 हजार करोड़ रुपये खर्च कर 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएं अब मात्र परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में सामग्री पहुंचाने और गंभीर रोगियों को त्वरित उपचार के लिए यह सेवाएं कारगर साबित हो रही हैं। वर्तमान में UDAN योजना के तहत राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं, जबकि उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत 6 मार्गों पर नियमित उड़ानें चल रही हैं। बीते चार वर्षों में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड्स की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है। राज्य को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।
सीएम धामी ने कहा कि इस नई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास के लिए 450 करोड़ रुपये की लागत से काम चल रहा है। साथ ही राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए MoU भी किया गया है। पिथौरागढ़-मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की जा चुकी है। समारोह में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, एलाइंस एयर के सीएमडी अमित कुमार, उकाडा सीईओ डॉ. आशीष चौहान समेत कई अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
