ऋषिकेश में दबोचा गया उड़ीसा जेल ब्रेक कांड का इनामी बदमाश

ऋषिकेश। देहरादून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए उड़ीसा की कटक जेल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी शातिर अपराधी राजा साहनी को ऋषिकेश से गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार चल रहे इस बदमाश की गिरफ्तारी को अंतरराज्यीय अपराध के खिलाफ दून पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह उड़ीसा पुलिस की एक टीम कोतवाली ऋषिकेश पहुंची और सूचना दी कि राजा साहनी (34 वर्ष) पुत्र महेश साहनी, निवासी लोदिया नगर, थाना मीरगंज, जिला बेगूसराय (बिहार), ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट क्षेत्र में एक गोल्डन रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर PB-10-DN-0508) में देखा गया है। बताया गया कि आरोपी 2 अक्टूबर 2025 को जिला कारागार कटक से जेल तोड़कर फरार हो गया था और तभी से उसकी तलाश की जा रही थी।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बिना समय गंवाए क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संभावित ठिकानों पर नजर रखी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की घेराबंदी शुरू कर दी।

इसी क्रम में नटराज चौक से टिहरी मार्ग पर सुमन पार्क के समीप पुलिस टीम ने संदिग्ध कार को रोक लिया। कार की तलाशी और सत्यापन के दौरान उसकी पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान उड़ीसा पुलिस ने राजा साहनी के रूप में की। पुष्टि होते ही पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी का अन्य राज्यों में भी आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों से संबंध हो सकता है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास, फरारी के दौरान संपर्कों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उड़ीसा पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा। दून पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन प्रहार की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, जिसने एक बार फिर साबित किया है कि अपराधी चाहे कहीं भी छिप जाएं, कानून के हाथ उन तक पहुंच ही जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *