यूपीईएस ने बेंगलुरु में किया नवाचार पर मंथन, डेल टेक्नोलॉजीज के साथ किया MoU

बेंगलुरु। अग्रणी शोध-आधारित विश्वविद्यालय यूपीईएस ने बेंगलुरु में ‘दृष्टिकोण 3.0’ नामक विशेष आमंत्रण-आधारित नेतृत्व संवाद का आयोजन किया। इस मंच पर उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं ने ‘इकोसिस्टम कन्वर्जेन्स: इंडस्ट्री, इनोवेशन, इंटेग्रिटी’ विषय पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षा को उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करना और भविष्य की प्रतिभाओं को सही दिशा देना था।
कार्यक्रम में दो प्रमुख सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र ‘इनोवेशन एंड डिजाइन’ में चर्चा हुई कि डिजाइन कैसे मानवीय अनुभवों को अर्थपूर्ण बना सकता है। दूसरे सत्र ‘टेक्नोलॉजी एंड टैलेंट’ में नवाचार, स्टार्ट-अप एक्सेलरेशन, डीपटेक और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) ट्रांसफॉर्मेशन पर जोर दिया गया। उद्योग विशेषज्ञों ने एकमत से कहा कि शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत साझेदारी भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण यूपीईएस और डेल टेक्नोलॉजीज के बीच रणनीतिक सहयोग की घोषणा रही। दोनों संस्थाओं के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के तहत छात्रों के लिए आधुनिक पाठ्यक्रम, फैकल्टी विकास कार्यक्रम, गेस्ट लेक्चर्स, इंटर्नशिप और बेहतर प्लेसमेंट अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस अवसर पर 17 प्रमुख उद्योग नेताओं ने भाग लिया, जिनमें ज़ी एंटरटेनमेंट के अमित कौशिक, रेजरपे के अश्वथ कुमार, अमेज़न वेब सर्विसेज के दिलशाद कुन्नुमल, एचडीएफसी बैंक के नरेंद्र घाटे, वोल्वो ग्रुप के डॉ. रंजीत टीपी, हनीवेल के सत्यजीत ठाकुर और सेल्सफोर्स की शालिनी श्रीराम प्रमुख रूप से शामिल थे।
यूपीईएस के कुलपति डॉ. सुनील राय ने कहा, “उच्च शिक्षा का भविष्य उद्योग से जुड़ी साझेदारियों की मजबूती पर निर्भर करेगा। दृष्टिकोण मंच इसी हाई-ट्रस्ट संवाद को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है। डेल टेक्नोलॉजीज के साथ यह सहयोग हमारे छात्रों को वास्तविक उद्योग अनुभव देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।” कार्यक्रम का समापन यूपीईएस रजिस्ट्रार मनीष मदान के समापन वक्तव्य के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *