देहरादून। मोथरोवाला स्थित कम्युनिटी फार्मेसी में रविवार को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन सुशीला इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SIMS) द्वारा नेचुरल रिसोर्स मैनेजमेंट सोसाइटी (NRMS) और विष्णुपुरम जनकल्याण समिति के सहयोग से किया गया, जिसमें सेवन मून हॉस्पिटल और मैक्स लैब ने महत्वपूर्ण तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
शिविर में क्षेत्र के 150 से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 100 से अधिक लोगों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की और उन्हें आवश्यक परामर्श व सलाह दी। शिविर का एक उल्लेखनीय पहलू सामाजिक जिम्मेदारी का प्रदर्शन था, जिसमें 20 से अधिक युवाओं ने मान्या चैरिटेबल ब्लड सेंटर के लिए स्वैच्छिक रक्तदान किया। परामर्श सत्र में डॉ. शोभना सिंह व सेवन मून हॉस्पिटल की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शोभना सिंह ने महिलाओं को मातृत्व स्वास्थ्य, स्त्री रोग तथा सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में विस्तार से जागरूक किया।
इसके अलावा, फिजियोथेरेपी विभाग के डॉ. तनप्रीत ने लगभग 30 मरीजों को मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं का उपचार प्रदान किया और उन्हें व्यायाम संबंधी उपयोगी सुझाव दिए। डॉ. ज्योति जुयाल पंत के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुए इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद श्री सोबत चंद रमोला रहे। उनके साथ दिनेश कठैत (अध्यक्ष, विष्णुपुरम जनकल्याण समिति), सतीश चंद्र बौड़ाई (सचिव, विष्णुपुरम जनकल्याण समिति), अंकित भंडारी (अध्यक्ष, NRMS) और वीरेन ठाकुर ने उपस्थित रहकर रक्तदाताओं और चिकित्सकों का उत्साहवर्धन किया। शिविर को सफल बनाने में आराधना, सोहन जगरी, गीतांजलि धानिक सहित फैकल्टी ऑर्गनाइजिंग कमेटी और पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने सराहनीय योगदान दिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों तक उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। उन्होंने सभी सहयोगी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों तथा रक्तदाताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर: 150 से अधिक लोगों ने कराई जांच
