देहरादून। सोशल बलूनी बैडमिंटन अकादमी के होनहार पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी हर्षित राजपूत ने तुर्की में आयोजित वर्ल्ड एबिलिटीस्पोर्ट यूथ गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया है। हर्षित की इस उपलब्धि से खेल जगत, उत्तराखंड और सोशल बलूनी बैडमिंटन अकादमी में खुशी की लहर है।
तुर्की के मर्सिन शहर में 15 से 22 जून 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया के कई देशों के प्रतिभाशाली पैरा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में हर्षित राजपूत ने SH6 वर्ग में अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पुरुष युगल (मेंस डबल्स) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया। इसके अलावा उन्होंने पुरुष एकल (मेंस सिंगल्स) स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। हर्षित की इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। सीमित संसाधनों और कठिन चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए यह साबित किया कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और लगन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
सोशल बलूनी बैडमिंटन अकादमी के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने हर्षित की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। अकादमी प्रबंधन ने कहा कि हर्षित की यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और प्रदेश में पैरा खेलों को नई पहचान दिलाने में मदद करेगी। हर्षित राजपूत की इस ऐतिहासिक सफलता ने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और भारतीय पैरा बैडमिंटन के उज्ज्वल भविष्य का संकेत भी देती है।