SBPS में गूंजा एकता का संदेश, विद्यार्थियों ने लगाई ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़

– पुलिस अधिकारियों ने दिलाई राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ

देहरादून। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। कार्यक्रम में पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में पटेलनगर थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक (एसएसआई) मुकेश थलेड़ी, चौकी प्रभारी आशीष कुमार, आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह और अनूप मिश्रा मौजूद रहे। एसएसआई मुकेश थलेड़ी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। राष्ट्र की मजबूती सामाजिक सद्भाव, अनुशासन और आपसी सहयोग से ही संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।

बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत को एकता के सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को पटेल के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने पुलिस विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा और अनुशासन के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *