गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव में सांस्कृतिक रंगों की धूम, दूसरे दिन भी उमड़ा जनसैलाब

देहरादून। गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में वीर गोरखा कल्याण समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेले के दूसरे दिन भी पारंपरिक संस्कृति और लोककलाओं की धूम रही। नेपाली एवं गोरखाली परंपराओं से सजी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों और अतिथियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पारंपरिक व्यंजनों और खरीदारी का भी आनंद लिया।

कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने मेले में पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित किया और दूसरे दिन की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत भी पहुंचे। आयोजन स्थल पर केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर सोनिया आनंद भी मौजूद रहीं। वहीं, राज्य मंत्री एवं सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल की उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रही। मालसी वार्ड के पार्षद सुमेंद्र बोहरा और भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने कहा कि गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से किया जाता है। यह आयोजन विभिन्न समुदायों को एक मंच पर लाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए सरकार, पुलिस-प्रशासन और संबंधित विभागों का आभार जताया।
कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र शाही, संकल्प पंत और श्याम राणा मगर ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान वीर गोरखा कल्याण समिति के संरक्षक ई. मेग बहादुर थापा, सारिका प्रधान, मेजर बीपी थापा, मेजर अमर राई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तमांग, उपाध्यक्ष सूर्य विक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी टेकु थापा सहित समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *