‘AAP’: देहरादून कैंट से नवीन बिष्ट होंगे प्रत्याशी, उत्तराखंड प्रभारी ने किया ऐलान

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने देहरादून की कैंट विधानसभा सीट से नवीन बिष्ट को प्रत्याशी घोषित किया है। रविवार को बसंत विहार स्थित रॉयल इन पैलेस वेडिंग प्वाइंट में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उत्तराखंड प्रभारी महेंद्र यादव ने उनके नाम की घोषणा की। घोषणा के बाद समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की।
सम्मेलन में उत्तराखंड प्रभारी महेंद्र यादव ने कहा कि नवीन बिष्ट लंबे समय से सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय हैं। उनकी ऊर्जा, सक्रियता और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें कैंट विधानसभा से प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी 2027 के चुनाव को लेकर गंभीरता से तैयारी कर रही है। कार्यकर्ताओं को अभी से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने में जुटना होगा।
जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने का दावा
प्रत्याशी घोषित होने के बाद नवीन बिष्ट ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर संघर्ष करना और जनता की आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। आम आदमी पार्टी प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव अभियान में जुटने की अपील की।
महिला और युवा कार्यकर्ताओं की रही भागीदारी
पार्टी ने सम्मेलन में हजारों लोगों के शामिल होने का दावा किया। कार्यक्रम में महिला और युवा कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी रही। प्रत्याशी की घोषणा के बाद समर्थकों ने रैली निकालकर अपनी खुशी जाहिर की। इस दौरान कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।
सम्मेलन में उत्तराखंड सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज, प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मंजू शर्मा, ओपी मिश्रा, श्याम बाबू पांडेय, अजय गौर और युवा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *