– सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने दीं सांस्कृतिक और देशभक्ति प्रस्तुतियां
देहरादून। भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस और बलिदान को याद करते हुए सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में मंगलवार को जनजाति गौरव दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल और सेवा प्रकल्प संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय समाज के योगदान को रेखांकित किया गया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के स्वास्थ्य प्रमुख डॉ. पंकज भाटिया ने जनजातीय समाज के राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने वनवासी कल्याण आश्रम की ओर से समाज के वंचित वर्गों के उत्थान और सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने कहा कि जनजाति गौरव दिवस देश के वीर नायकों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें एकता, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ‘तू-मैं एक रक्त’ की भावना ही राष्ट्र को मजबूत बनाने का आधार है।
विशिष्ट अतिथि स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी के सचिव डॉ. अनुज सिंघल, इंडिक सोसाइटी एवं प्रज्ञा प्रवाह के सदस्य और लेखक विकास सारस्वत तथा मृदा संरक्षण एवं अनुसंधान विभाग के वैज्ञानिक शशि शेखर श्रीमाली ने भी जनजातीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति के महत्व पर विचार रखे।
इस दौरान विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भाषण और देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास और जनजातीय परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें सामाजिक समरसता और सभी संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने जनजातीय संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण का संकल्प लिया।