– गढ़वाली गीतों से लेकर वेस्टर्न डांस तक छात्र-छात्राओं ने बिखेरे रंग
– ईशा देशमुख और यथार्थ जोशी बने विजेता
देहरादून। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के वार्षिक उत्सव स्टूडेंट ग्राफेस्ट-2026 के दूसरे दिन लोकसंस्कृति, संगीत और आधुनिक नृत्य का शानदार संगम देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने गायन, वादन और नृत्य की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। गढ़वाली गीतों और पहाड़ी लोकधुनों ने जहां उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की मिठास घोली, वहीं वेस्टर्न और फ्रीस्टाइल नृत्य की प्रस्तुतियों ने माहौल में जोश भर दिया। विश्वविद्यालय के 34वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय शैली के एकल गायन और वाद्य संगीत की प्रस्तुतियों से हुई। एकल गायन में अविका पाठक, नवजोत सिंह कौशल, नयन सिंह थापा, नीरज, अनघ सक्सेना, हर्षिता और सार्थक छेत्री ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। वाद्य संगीत प्रतियोगिता में नित्या, आदित्य केंद्रियाल, अदम्य वत्स, गौरव सिंह और दिव्यांश ने तबला, गिटार, हारमोनियम सहित विभिन्न वाद्य यंत्रों पर अपनी प्रतिभा दिखाई। नृत्य प्रतियोगिताओं में भी युवा कलाकारों का उत्साह देखने लायक रहा। एकल नृत्य की वेस्टर्न और फ्रीस्टाइल श्रेणियों में अंजनी ठाकुरी, वंशिका, अंजलि, मजहर, लूसी नोरो, उमंग और निखिल ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। समूह गायन में ब्रह्मास, उत्तरायणी, नंदास, स्वरंग और हार्मोनिक सेंस ने अपनी प्रस्तुतियों से संगीत की विविधता को सामने रखा। पहाड़ी लोकधुनों और गढ़वाली गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव प्रदर्शित किया। समूह नृत्य की वेस्टर्न और फ्रीस्टाइल श्रेणियों में टीम आउटलाज़, टीम हिल हॉपर्स और टीम द फ्यूजन्स ने शानदार तालमेल और ऊर्जा से दर्शकों का ध्यान खींचा। हर प्रस्तुति के बाद गूंजती तालियों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और कलात्मक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के 34वें स्थापना दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। एकल गायन में ईशा देशमुख ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि डॉ. विशाल सागर उपविजेता रहे। एकल नृत्य में यथार्थ जोशी विजेता और शिवानी पांडे उपविजेता रहीं। समूह नृत्य में यंग ब्लड टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित करने के साथ नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में ग्राफिक एरा की कुलपति डॉ. तब्बसुम नकवी, कुलसचिव डॉ. ज्योति छाबड़ा, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। ग्राफेस्ट के दूसरे दिन की प्रस्तुतियों ने युवा प्रतिभाओं को मंच देने के साथ लोकसंस्कृति और आधुनिक कला के बीच खूबसूरत तालमेल भी प्रदर्शित किया।