ग्राफिक एरा: फोटोग्राफी का हुनर और तर्कों की धार, ऋषिता बनीं अव्वल

देहरादून। ग्राफिक एरा के विद्यार्थियों ने वन्यजीव फोटोग्राफी से प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया तो वाद-विवाद प्रतियोगिता में अपने तर्कों और विचारों से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में प्रख्यात वन्यजीव एवं फैशन फोटोग्राफर आकाश दास ने विद्यार्थियों को फोटोग्राफी की बारीकियों से परिचित कराया। वहीं, ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित डेबएक्स वाद-विवाद प्रतियोगिता में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा ऋषिता रमोला ने पहला स्थान हासिल किया।

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में वन्यजीव और फैशन फोटोग्राफी की कला पर आयोजित कार्यक्रम में आकाश दास ने कहा कि वन्यजीव और पर्यावरण फोटोग्राफी केवल तस्वीरें खींचने की कला नहीं, बल्कि प्रकृति को करीब से समझने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि उनकी तस्वीरों का उद्देश्य केवल लोगों को प्रभावित करना नहीं, बल्कि उन्हें प्रकृति से जोड़ना और उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करना भी है। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के दृश्य कला विभाग और मीडिया एवं जनसंचार विभाग ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर दृश्य कला विभाग के अध्यक्ष डॉ. आनंद कर्माकर, मीडिया एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. अनिर्बान धर, डॉ. हिमानी बिंजोला और डॉ. अंकिता उनियाल सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

दूसरी ओर, ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित डेबएक्स वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने तर्क प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की ऋषिता रमोला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बीएससी क्लीनिकल साइकोलॉजी की सुनाक्षी दूसरे स्थान पर रहीं।डेबएक्स के तहत आयोजित प्रेरक वक्तव्य सत्र में विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी व्यवसाय इनक्यूबेटर की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सरिश्मा डांगी और एस्पिरेंट लर्निंग के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अधिवक्ता प्रियांशु ग्रोवर ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की वाद-विवाद समिति ने किया। इस दौरान प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुधीर जोशी, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. शाहबाज बेगम और नवनीत गैरोला सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *