– खेलों से मिलती है हार स्वीकार कर फिर आगे बढ़ने की सीख: रुचि मोहन रयाल
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) का दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव ‘उड़ान 2.0’ बृहस्पतिवार को उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ संपन्न हो गया। ‘हौसलों की उड़ान’ थीम पर आयोजित महोत्सव में विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अलकनंदा हाउस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बेस्ट हाउस ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की।
बृहस्पतिवार को मुख्य अतिथि डिपार्टमेंट ऑफ फूड एंड सिविल सप्लाइज देहरादून की प्रमुख आईएएस रुचि मोहन रयाल एवं विशिष्ट अतिथि भारतीय एथलेटिक्स टीम के पूर्व कोच गुरुफूल सिंह की मौजूदगी में कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना और बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ने मशाल प्रज्ज्वलित कर विक्ट्री रन को हरी झंडी दिखाई। बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी और प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने अतिथियों का स्वागत किया।

जुम्बा व ड्रिल प्रस्तुतियों ने किया मंत्रमुग्ध
महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने जुम्बा, डम्बल पीटी, योग, एरोबिक्स और विभिन्न ड्रिल प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। ‘जुम्बा फिएस्टा’, ‘राइजिंग ऑफ सनफ्लावर-ताली योग’, एकेडमी ड्रिल और बीडीए ड्रिल में विद्यार्थियों का शानदार तालमेल और अनुशासन देखने को मिला।
ट्रैक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम-खम
ट्रैक स्पर्धाओं में 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़ के सीनियर एवं जूनियर बालक-बालिका वर्ग में रोमांचक मुकाबले हुए। वहीं, 4×100, 4×200 और 4×400 मीटर रिले दौड़ में खिलाड़ियों ने गति और टीम भावना का परिचय दिया। शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और लंबी कूद जैसी स्पर्धाओं में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाया। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ने स्वर्ण पदक और ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह का समापन विद्यार्थियों की सामूहिक प्रस्तुति ‘वी द एसबीपीएस’, धन्यवाद प्रस्ताव और राष्ट्रगान के साथ हुआ।