– विद्यार्थियों ने 80 मिनट में कराया विश्व भ्रमण
– दो दिवसीय समारोह में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ की शानदार प्रस्तुति
देहरादून। एन मैरी स्कूल का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव-2026 उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के बीच धूमधाम से मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और मंचीय कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इस बार वार्षिकोत्सव की खासियत रही दो अनूठी विषयवस्तुओं पर आधारित प्रस्तुतियां। पहले दिन ‘80 मिनट में विश्व भ्रमण’ के जरिए विद्यार्थियों ने दुनिया की विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं की झलक दिखाई, जबकि दूसरे दिन ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के माध्यम से भारत की स्वतंत्रता के 80 गौरवशाली वर्षों की विकास यात्रा को मंच पर जीवंत किया।
संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता, देशभक्ति और आधुनिक भारत की उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
समारोह में विद्यालय के सचिव जितेंद्र जोशी, चेयरपर्सन अनुराधा जोशी और निदेशक अंकिता जोशी ने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्या पल्लवी गुप्ता ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और शैक्षणिक प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय ने युवाओं को शिक्षित और सशक्त बनाने के 40 गौरवशाली वर्ष पूरे किए हैं। इस दौरान विद्यालय को छठे टॉपर्स कॉन्क्लेव में ‘डिस्टिंग्विश्ड बेस्ट स्कूल अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया जाना भी बड़ी उपलब्धि रही। निदेशक अंकिता जोशी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नैतिक मूल्यों और जीवनोपयोगी कौशलों का विकास करना भी है।
शत-प्रतिशत परिणाम, 100 से अधिक विद्यार्थी 90 प्रतिशत पार
समारोह में आईसीएसई और आईएससी बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। दोनों बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि 100 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त किए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेषता यह रही कि सभी प्रस्तुतियां विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वयं तैयार की थीं। दो दिवसीय समारोह का समापन हेड बॉय और हेड गर्ल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।