छोटी उम्र, बड़ा कमाल: एसबीपीएस के दिव्यम ने नेशनल फेंसिंग में जीता सिल्वर

– तीसरी कक्षा के नन्हें तलवारबाज ने जम्मू-कश्मीर में लहराया उत्तराखंड का परचम

– सेबर वर्ग में देशभर के खिलाड़ियों के बीच हासिल किया दूसरा स्थान

देहरादून। उम्र महज इतनी कि अभी खेल के मैदान में कदम जमाना सीख रहा है, लेकिन हौसला और हुनर ऐसा कि राष्ट्रीय मंच पर पदक अपने नाम कर लिया। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के तीसरी कक्षा के छात्र दिव्यम बिष्ट ने जम्मू-कश्मीर में आयोजित 14वीं मिनी एवं 8वीं चाइल्ड नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 में सेबर वर्ग का सिल्वर मेडल जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया।

23 से 27 सितंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देशभर से करीब 150 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। बेहद कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना दिव्यम के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए दिव्यम ने अपने दमदार खेल से प्रतियोगिता में अपनी पहचान बनाई और सेबर वर्ग में रजत पदक हासिल किया। दिव्यम की इस उपलब्धि से स्कूल में भी खुशी का माहौल है। बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने नन्हे तलवारबाज को बधाई देते हुए कहा कि दिव्यम में प्रतिभा और आगे बढ़ने की क्षमता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में वह फेंसिंग के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेगा।

कोच की मेहनत भी रंग लाई

दिव्यम की सफलता में उसके फेंसिंग कोच प्रदीप कोठारी की भूमिका भी अहम रही। स्कूल प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने दिव्यम की उपलब्धि पर उसे बधाई दी और कोच प्रदीप कोठारी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेलों में कम उम्र से ही बच्चों को अवसर और सही मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर सकते हैं।

स्कूल प्रबंधन ने कहा कि एसबीपीएस में शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को तराशने पर भी विशेष जोर दिया जाता है। दिव्यम की राष्ट्रीय उपलब्धि स्कूल के इसी प्रयास की मिसाल है। नन्हे तलवारबाज के इस प्रदर्शन ने आने वाले समय में उत्तराखंड को फेंसिंग में नई उम्मीद दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *