देहरादून। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (एनआईएसएम) की ओर से नई दिल्ली में आयोजित नेशनल फाइनेंशियल लिटरेसी क्विज़ (एनएफएलक्यू) 2026 के उत्तर क्षेत्रीय दौर में उत्तराखंड के अंडरग्रेजुएट विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के बीएफएसआई विभाग ने पहला, जबकि क्वांटम स्कूल ऑफ ग्रेजुएट स्टडीज़ के कॉमर्स एवं फाइनेंस विभाग ने दूसरा स्थान हासिल किया।
नई दिल्ली के स्कोप कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ सहित उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में वित्तीय बाजार, निवेश, निवेशकों के अधिकार, बाजार नियमन और वित्तीय साक्षरता से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे गए। देशभर में इस पहल के तहत चार लाख से अधिक छात्रों ने कॉलेज स्तर और ऑनलाइन क्वालिफाइंग राउंड में हिस्सा लिया। इनमें से चयनित टीमों को क्षेत्रीय दौर के लिए आमंत्रित किया गया। उत्तर क्षेत्र के विजेता अब नवंबर 2026 में महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पातालगंगा स्थित एनआईएसएम परिसर में होने वाले राष्ट्रीय फाइनल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अंडरग्रेजुएट वर्ग में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी को प्रथम स्थान के साथ 40 हजार रुपये, क्वांटम स्कूल ऑफ ग्रेजुएट स्टडीज़ को द्वितीय स्थान के साथ 30 हजार रुपये तथा मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस को तृतीय स्थान के साथ 20 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। पोस्टग्रेजुएट वर्ग में लाल बहादुर शास्त्री इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट प्रथम, भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर द्वितीय और मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस तृतीय स्थान पर रहे। एनआईएसएम के निदेशक सशी कृष्णन ने कहा कि वित्तीय साक्षरता का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार और आत्मविश्वासपूर्ण वित्तीय निर्णय लेने के लिए सक्षम बनाना है। वहीं सेबी के मुख्य महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय निदेशक विजयंत कुमार वर्मा ने कहा कि ऐसी पहलें युवाओं को निवेश, जोखिम और निवेशकों के अधिकारों की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उत्तर क्षेत्र से अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट वर्ग की 12-12 टीमें राष्ट्रीय चरण के लिए चयनित हुई हैं। इनमें उत्तराखंड के ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, क्वांटम स्कूल ऑफ ग्रेजुएट स्टडीज़, आईआईएम काशीपुर, उत्तरांचल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट तथा ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल सहित कई संस्थानों ने अपनी जगह बनाई। एनएफएलक्यू-2026 जुलाई से सितंबर तक देश के छह क्षेत्रों में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना, जिम्मेदार निवेश को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें भारत के वित्तीय बाजार की बेहतर समझ प्रदान करना है।
