पलटन बाजार में वेल्डिंग कार्य के दौरान लगी आग, कपड़ों का गोदाम खाक

देहरादून। देहरादून के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र पलटन बाजार में बुधवार को एक कपड़ा व्यापारी के गोदाम में आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा कपड़ों का बड़ा स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। हालांकि समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आग को अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया गया।

जानकारी के अनुसार, पलटन बाजार स्थित ननकानी गारमेंट्स की इमारत के तीसरे तल पर अचानक आग लगने की सूचना कोतवाली नगर पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बल और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि भवन में लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था और इसके लिए वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान तीसरी मंजिल पर स्थित कपड़ों के गोदाम में आग भड़क गई। आग लगने से गोदाम में रखा सामान पूरी तरह जल गया। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अग्निशमन विभाग और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।प्रशासन के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *