प्रवेशोत्सव में उमड़ा उत्साह, 67,815 नए छात्रों ने स्कूलों में लिया प्रवेश

देहरादून। उत्तराखंड में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को प्रदेशभर में ‘प्रवेशोत्सव’ उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 1 से 12 तक कुल 67,815 नए छात्र-छात्राओं का नामांकन कराया गया। विद्यालयों में नवप्रवेशित बच्चों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया और उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें भी उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए नवप्रवेशित बच्चों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से दूर न रह जाए। शिक्षा विभाग के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत प्राथमिक स्तर पर 24,381, उच्च प्राथमिक स्तर पर 31,008 और माध्यमिक स्तर पर 12,426 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विद्यालयों में प्रवेश लिया। स्कूलों में प्रवेशोत्सव के दौरान बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई विद्यालयों में स्वागत समारोह आयोजित किए गए, जहां बच्चों को स्कूल से जोड़ने और नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित किया गया।

हर बच्चे तक पहुंचे शिक्षा की रोशनी : डॉ. धन सिंह रावत

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और सुलभ शिक्षा देना है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप प्रदेश के विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की नियुक्ति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डॉ. रावत ने शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कार्मिकों से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक बच्चे विद्यालयों से जुड़ें और ड्रॉपआउट दर में कमी लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *