10 घंटे में खुली युवक हत्याकांड की गुत्थी, छोटे भाई ने ही उतारा था मौत के घाट

– पिता के खाते से 10 लाख रुपये निकालने और मारपीट का बदला लेने के लिए रची थी हत्या की साजिश

देहरादून, 15 जून। पटेलनगर क्षेत्र के भुड्डी गांव में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने मात्र 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या की और फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावरों की कहानी गढ़ दी।

रविवार रात भुड्डी गांव निवासी 24 वर्षीय सोहेल हारून को गोली लगने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की ओर से बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और सोहेल को गोली मारकर फरार हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कई पुलिस टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि घटना के समय कोई बाहरी व्यक्ति घर में दाखिल नहीं हुआ था। साथ ही घर के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जानबूझकर हटाई गई थी।

मौके से बाथरूम में छिपाकर रखी गई एक 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद होने और मृतक के छोटे भाई शाहिद हारून के लगातार विरोधाभासी बयान देने पर पुलिस का शक गहरा गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर 21 वर्षीय शाहिद ने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार शाहिद नशे का आदी है और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए अक्सर परिवार से पैसे मांगता था। कुछ दिन पहले उसने अपने पिता का एटीएम चोरी कर खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए थे। इस बात का पता चलने पर बड़े भाई सोहेल ने उसकी पिटाई कर दी थी। इसी अपमान और नाराजगी के चलते शाहिद ने हत्या की साजिश रची।

आरोपी ने दो दिन पहले ही घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी। रविवार रात उसने घर में रखी देशी पिस्टल से सोहेल को गोली मार दी और हथियार बाथरूम में छिपा दिया। बाद में उसने गांव के लोगों और रिश्तेदारों को अज्ञात हमलावरों की झूठी कहानी बताई।

इतना ही नहीं, पुलिस का ध्यान भटकाने और खुद को पीड़ित दिखाने के लिए आरोपी ने ग्रामीणों को उकसाकर मृतक का शव देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम भी लगाया। इस मामले में शाहिद समेत अन्य नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी शाहिद हारून निवासी भुड्डी, पटेलनगर को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद कर ली है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *